कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके दिल्ली में झंडेवालां इलाके में एक घर में ठहरे हुए हैं। शुक्रवार दोपहर यहां पुलिस ने दस्तक दी है। हालांकि, अब तक साफ नहीं है कि उन्हें भी हिरासत में लिया गया है या नहीं।
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में हलचल तेज हो गई है। खबरें हैं कि पुलिस पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके के घर पर पहुंच गई है। हालांकि, इसे लेकर पुलिस ने आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है। वहीं, दीपके की तरफ से भी जानकारी नहीं दी गई है। सीजेपी ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराने की घोषणा की है। कार्यक्रम शाम 5 बजे होने की उम्मीद है।
खबर है कि दिल्ली पुलिस के अधिकारी झंडेवालां इलाके में पहुंचे थे। दीपके दिल्ली आने के बाद यहीं पर रुके हुए हैं। गुरुवार रात उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें आरोप लगाए थे कि पुलिस और IB के लोग उनकी जासूसी कर रहे हैं और गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। फिलहाल, इसपर पुलिस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
नोटिस देने गई है पुलिस
खबरें हैं कि दिल्ली पुलिस की टीम दीपके को नोटिस देने के लिए गई है, जिसमें तिरंगा मार्च नहीं करने के लिए कहा गया है। हालांकि, इसमें अब तक वजह साफ नहीं की गई है कि क्यों सीजेपी को कार्यक्रम से रोका जा रहा है। जंतर मंतर प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाए जाने के बाद दास और रांका वहां पहुंचे थे और तिरंगा फहराकर नारेबाजी की थी।
सौरभ दास और आशुतोष रांका हो चुके हैं गिरफ्तार
खास बात है कि पुलिस की कार्रवाई ऐसे समय पर हुई है, जब सीजेपी ने शुक्रवार शाम को प्रदर्शन का ऐलान किया है। दरअसल, पार्टी के दो नेता आशुतोष रांका और सौरभ दास पहले ही न्यायिक हिरासत में हैं। दीपके उनके खिलाफ हुई कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि तिरंगा फहराने के कारण उनके खिलाफ ऐक्शन लिया गया है।
पुलिस के पीछा करने का दावा
दीपके ने कहा था, ‘अभी मैं जिस घर पर हूं, उस घर के चारों ओर दिल्ली पुलिस और आईबी के लोगों ने घेर रखा है। घर के चारों तरफ जो गलियां जाती हैं, वहां चारों तरफ दिल्ली पुलिस और आईबी वाले घूम रहे हैं। मैं जब भी बाहर जाता हूं, तो बगैर नंबर प्लेट की गाड़ियां मेरे पीछे लगी हुईं हैं। और जब मैं आया हूं तो पूरे आईबी और पुलिसवाले इस घर का चक्कर लगा रहे हैं और वॉचमैन से बात कर रहे हैं और अपडेट ले रहे हैं।’ उन्होंने कहा था, ‘तो आज रात को या कल सुबह मुझे दिल्ली पुलिस वाले उठा सकते हैं।’

